बिम्सटेक में बोले पीएम मोदी: भारत के लिए पड़ोसी देश सबसे पहले

PM Narendra Modi  (PTI)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत के लिए पड़ोसी देश सबसे पहले हैं और वह उनके साथ सहयोग और मजबूत करने को पहले से प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री मोदी ने चौथे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कहा, भारत अपने आसपास के देशों के बीच क्षेत्रीय संपर्क सुविधाओं के विस्तार तथा आतंकवाद और मादक द्रव्यों की तस्करी को रोकने के लिए बिम्सटेक क्षेत्रीय समूह के सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि संपर्क-व्यापार संपर्क, आर्थिक संपर्क, परिवहन संपर्क, डिजिटल संपर्क और लोगों का लोगों से संपर्क में बड़े अवसर निहित हैं। मोदी ने कहा कि यह क्षेत्र भारत की पड़ोसी प्रथम तथा एक्ट ईस्ट नीति का मिलन स्थल बन गया है। इससे पहले  नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया। चौथा बिम्स्टेक शिखर सम्मेलन 30 अगस्त से शुरू हुआ और यह 31 अगस्त तक चलेगा। 
बंगाल की खाड़ी सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण
मोदी ने कहा कि बंगाल की खाड़ी हम सभी की सुरक्षा तथा विकास के लिए महत्वपूर्ण स्थान रखता है। मोदी ने कहा, क्षेत्र में कोई ऐसा देश नहीं है जो आतंकवाद तथा सीमापारीय-राष्ट्रीय अपराध का शिकार नहीं बना हो। भारत बिम्सटेक की रूपरेखा के तहत मादक द्रव्य जैसे विषयों पर सम्मेलन की मेजबानी करने को तैयार है।
आपदा में सहयोग का आह्वान किया
मोदी ने कहा, बिम्सटेक के सदस्य देश हिमालय और बंगाल की खाड़ी के मध्य स्थित हैं और बार-बार बाढ़, चक्रवात और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से जूझते हैं। उन्होंने मानवीय सहायता तथा आपदा राहत कार्यों में सहयोग और समन्वय का भी आह्वान किया। उन्होंने  कहा, हमें हमारे साझा फायदे के लिए व्यापार, आर्थिक, परिवहन, डिजिटल और लोगों का लोगों से संपर्क के क्षेत्रों में साथ काम करने की जरूरत है। 
कृषि शोध में स्टार्टअप का प्रस्ताव
मोदी ने कहा कि सदस्य देशों के साझा फायदे के लिए कृषि शोध के क्षेत्रों में संगोष्ठी की मेजबानी करने तथा स्टार्टअप समेत कई मुहिम शुरू करने का भी प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि कला, संस्कृति एवं अन्य विषयों में शोध के लिए भारत नालंदा विश्वविद्यालय में सेंटर फोर बे ऑफ बंगाल स्टडीज स्थापित करेगा।

Comments

Popular posts from this blog

नाबालिग से रेप के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम की 16 संपत्तियां की जाएंगी ध्वस्त

कश्मीर एनकाउंटर में मारा गया जैश-ए-मोहम्मद चीफ मसूद अजहर का भतीजा

Facebook पोस्ट लिखने के बाद आरक्षण की मांग को लेकर एक व्यक्ति ने की खुदकुशी